कोरबा और करतला में पंच, सरपंच सहित अन्य पदों के लिये मतदान कराने दल रवाना.....
कोरबा और करतला में पंच, सरपंच सहित अन्य पदों के लिये मतदान कराने दल रवाना.....
कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण, मतदान दलों का बढ़ाया उत्साह.
मतदान दलों को कोई समस्या न हो, इसके लिए त्वरित निराकरण के दिए निर्देश...
कोरबा और करतला में मतदान 17 फरवरी को
प्रातः 7 बजे से अपरान्ह तीन बजे तक होगा मतदान...
कोरबा में 1 लाख 11 हजार 672 मतदाता और करतला में 1 लाख 16 हजार 335 मतदाता....
कोरबा संवाद न्यूज-कोरबा/16 फरवरी 2025/ नगरीय निकाय निर्वाचन सम्पन्न होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के प्रथम चरण में कल 17 फरवरी को कोरबा जिले के कोरबा और करतला जनपद में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान होगा। मतदान प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होकर शाम तीन बजे तक होगी। मतदान हेतु आज कोरबा और करतला क्षेत्र से मतदान दल निर्धारित मतदान केंद्रों के लिये रवाना हुए। उन्हें मतपेटी के साथ मतदान संबंधी अन्य सामग्री प्रदान की गई। मतदान दलों को पुलिस सुरक्षा के साथ बसों में रवाना किया गया। इस दौरान कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मतदान दलों को प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कोरबा के विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक शाला क्रमांक एक और करतला में सामग्री वितरण स्थल का जायजा लिया। कलेक्टर वसंत ने मतदान दलों को निर्वाचन आयोग के नियमों का पालन करते हुए पारदर्शी तरीके से मतदान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम सरोज महिलांगे समेत अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान दलों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पडे़। यदि किसी दल द्वारा समस्या बताई जाती है तो उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने रिजर्व दलों के कर्मचारियों की डयूटी भी क्षेत्र की दूरी के हिसाब से आसपास लगाने के निर्देश दिए ताकि आवश्यकता पड़ने पर कर्मचारियों को मतदान केंद्र भेजा जा सकें। उन्होंने मतगणना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए ध्यान रखने और पारदर्शी तरीके से मतदान और मतगणना कराने के निर्देश दिए हैं।
सफेद,पीला,नीला और गुलाबी रंगों के मतपत्र में लगाना होगा ठप्पा
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतदाताओं को पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए अलग-अलग रंगों के मतपत्र में सील लगाना होगा। पंच पद के लिए सफेद, सरपंच के लिए नीला, जनपद सदस्य हेतु पीला और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गुलाबी मतपत्र निर्धारित किया गया है। 17 फरवरी को होने वाले चुनाव में पंच और सरपंच, जनपद सदस्य पदों हेतु मतपत्रों की मतगणना वहीं उसी दिन की जायेगी, लेकिन अधिकृत रूप से इसका सारिणीकरण 19 को किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य हेतु मतगणना का परिणाम व सारिणीकरण 20 फरवरी को किया जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें